Home Himachal News हिमाचल में बर्फबारी से मचा हड़कंप: शिंकुला-रोहतांग में बर्फ की चादर, सड़कें...

हिमाचल में बर्फबारी से मचा हड़कंप: शिंकुला-रोहतांग में बर्फ की चादर, सड़कें ठप और उड़ान रद्द; चूड़धार में फंसे दो लोगों का रेस्क्यू

6
0

पूरी खबर:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के चलते ठंड बढ़ गई है। कई स्थानों पर सड़क यातायात बाधित हुआ, जबकि खराब मौसम के कारण कांगड़ा के गगल हवाई अड्डे पर दिल्ली से आने वाली स्पाइसजेट की एक उड़ान भी रद्द करनी पड़ी। इस बीच शिंकुला दर्रे में बर्फबारी के कारण फंसे पर्यटकों और वाहन चालकों को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, चूड़धार के दुर्गम जंगल में रास्ता भटकने वाले दो लोगों को भी रेस्क्यू किया गया।

सात डिग्री तक गिरा तापमान, कई जिलों में अलर्ट

रविवार को प्रदेश में तीन जिलों के लिए ऑरेंज और सात जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया था। दिनभर कई क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश होती रही। रोहतांग और शिंकुला दर्रे के साथ सिरमौर, भरमौर और धर्मशाला की धौलाधार चोटियों पर बर्फबारी दर्ज की गई। बारिश और बर्फबारी के कारण अधिकतम तापमान में 7.3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई, जिससे सुबह और शाम ठंड बढ़ गई।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार और मंगलवार को भी कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। 15 अक्तूबर तक अलग-अलग जिलों में अंधड़, बारिश और बिजली चमकने का अलर्ट है, जबकि 17 अक्तूबर तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।

शिंकुला दर्रे में फंसे पर्यटकों को पुलिस ने निकाला

लाहौल-स्पीति के शिंकुला दर्रे में अचानक हुई बर्फबारी के कारण लाहौल की ओर आ रहे कुछ वाहन रास्ते में फंस गए। इनमें दोपहिया वाहन और छोटे चार पहिया वाहन शामिल थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पर्यटकों तथा वाहन चालकों को सुरक्षित निकाला। बाइक सवारों को पुलिस ने अपने फोर-बाई-फोर वाहन की मदद से बाहर निकाला।

बर्फबारी और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दारचा-शिंकुला मार्ग पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई।

चूड़धार के जंगल में रास्ता भटके दो लोग, रात में चला रेस्क्यू अभियान

चूड़धार क्षेत्र के दुर्गम जंगल में रास्ता भटककर फंसे दो लोगों को चौपाल पुलिस ने सुरक्षित बचा लिया। 112 हेल्पलाइन के माध्यम से 10 अक्तूबर की रात पुलिस को इसकी सूचना मिली थी।

शिमला के एसएसपी गौरव सिंह के अनुसार, जिला कुल्लू निवासी अजय कुमार को शनिवार रात करीब तीन बजे और सिरमौर जिले के नक्श ठाकुर को रविवार सुबह करीब पांच बजे सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

पत्थर गिरने और मलबे से कई मार्ग प्रभावित

लगातार बारिश के कारण मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर झलोगी के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने के चलते करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। वहीं, लारजी-सैंज मार्ग पर पागलनाला में मलबा आने से वाहनों की आवाजाही घंटों प्रभावित हुई।

चंबा जिले के मणिमहेश, कुगती, चौबिया और खपरांस समेत कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में करीब 10 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई। दूसरी ओर, जोगिंद्रनगर में बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने से मझारनू फीडर की डिस्क में ब्लास्ट हो गया, जिससे भट्ठा, जोगिंद्रनगर और मझारनू में बिजली के 13 ट्रांसफार्मर ठप हो गए।

चंबा में सामान्य से 15.1 डिग्री नीचे पहुंचा अधिकतम तापमान

बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। चंबा में अधिकतम तापमान सामान्य से 15.1 डिग्री, सोलन में 10.8 डिग्री, सुंदरनगर में 10 डिग्री, मनाली में 8.2 डिग्री, धर्मशाला में 6.6 डिग्री और शिमला में 5.8 डिग्री तक कम रहा।

रविवार को चंबा में अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री, सोलन में 17 डिग्री, मनाली में 14.6 डिग्री, शिमला में 16.4 डिग्री और धर्मशाला व सुंदरनगर में 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऊना 30.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।

मौसम विभाग ने लोगों और पर्यटकों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी लेना और प्रशासन के निर्देशों का पालन करना जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here