

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पच्छाद विस क्षेत्र के ढंगयार में गुरुवार को सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे हआ। सोलन जिले के धेना भूमती गांव से आ रही बरात की एक गाड़ी नैना टिक्कर-ढंगयार सड़क के किला कलांच गांव के समीप एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। जैसे ही अन्य बरातियों को हादसे का पता पता चला तो दुघर्टनास्थल की ओर भागे।
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को एमएमयू मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर अस्पताल रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार किला कलाच गांव के समीप कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दौरान वीरेंद्र दत्त(54) गांव सोथी और लीला दत्त( 55)गांव धार ब्रामना की मौके पर हो गई। जबकि घायलों में गाड़ी चालक केशव दत्त(41), जयदेव(40) और कमलचंद(42) गांव धार, ब्राह्मना शामिल है।
जयदेव और केशव की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही पच्छाद पुलिस मौके पर पहुंची। पच्छाद पुलिस थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि किला कलांच गांव के समीप एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इसमें दो लोगों की मौत तथा तीन लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों का सराहां सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। इसके अलावा घायलों को एमएमयू मेडिकल कॉलेज व अस्पताल सुल्तानपुर ले जाया गया है।







