
पूरी खबर:
हिमाचल प्रदेश सरकार ने तकनीकी शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए राज्य के विभिन्न आईटीआई, पॉलिटेक्निक और तकनीकी संस्थानों के विकास कार्यों के लिए 35.34 करोड़ रुपये जारी किए हैं। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने बताया कि इस राशि से संस्थानों में आधुनिक सुविधाओं और बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था को बढ़ावा दिया जाएगा।
जारी राशि में जिला कांगड़ा के कई संस्थानों को बड़ी धनराशि मिली है। आईटीआई बैजनाथ के लिए 3 करोड़, आदर्श आईटीआई संसारपुर-टैरेस के लिए 1.75 करोड़, राजकीय फार्मेसी कांगड़ा में सरकारी आवास के लिए 2.29 करोड़, राजकीय पॉलिटेक्निक कांगड़ा के अकादमिक ब्लॉक-बी के लिए 3 करोड़ और नगरोटा बगवां के बलधर में स्टेट ऑफ द आर्ट आईटीआई भवन के लिए 3.50 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
सिरमौर जिले में आईटीआई सराहां के लिए 3.71 करोड़, आईटीआई कफोटा के लिए 5.83 करोड़ और आईटीआई कौलावाला भूड़ के लिए 3.42 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इसके अलावा कुल्लू पॉलिटेक्निक के छात्रावास के लिए 3.58 करोड़, ऊना के आईटीआई भद्रकाली के लिए 3.26 करोड़ और मंडी के आईटीआई करसोग भवन के लिए 2 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
तकनीकी शिक्षा मंत्री के अनुसार, बदलते औद्योगिक और तकनीकी माहौल को देखते हुए विद्यार्थियों को आधुनिक कौशल, नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार तकनीकी संस्थानों को आधुनिक बनाने के साथ युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में काम कर रही है।
इसके तहत विद्यार्थियों के लिए आधुनिक पाठ्यक्रम, सॉफ्ट स्किल विकास और स्टार्टअप से जुड़े अवसरों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों को नई तकनीकों और उद्योगों की कार्यप्रणाली से परिचित करवाने के लिए जापान और कजाकिस्तान के शैक्षणिक भ्रमण भी करवाए गए हैं।
इस 35.34 करोड़ रुपये की राशि से प्रदेश के अलग-अलग तकनीकी संस्थानों में बुनियादी ढांचे और प्रशिक्षण सुविधाओं को बेहतर करने की योजना है, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें। :::








