Home Himachal News हिमाचल में महंगे कपड़े-मेकअप की मांग से बिगड़ा वैवाहिक रिश्ता, मारपीट और...

हिमाचल में महंगे कपड़े-मेकअप की मांग से बिगड़ा वैवाहिक रिश्ता, मारपीट और प्रताड़ना के आरोपों पर कोर्ट ने दिया तलाक

79
0

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा परिवार न्यायालय में पति-पत्नी के बीच वैवाहिक विवाद का एक मामला सामने आया है। महंगे और फैशनेबल कपड़े, मेकअप का सामान और दूसरी चीजें खरीदने की मांग को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला अदालत तक पहुंच गया। पति ने पत्नी पर मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने क्रूरता और परित्याग के आधार पर तलाक की डिक्री जारी कर दी।

यह फैसला अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश सपना पांडे की अदालत ने सुनाया। मामले में पत्नी अदालत में पेश नहीं हुई थी, जिसके चलते उसके खिलाफ एकतरफा कार्यवाही चली।

शादी के दो महीने बाद ही शुरू हुआ विवाद

मामले के अनुसार, कांगड़ा जिले के खुंडियां निवासी व्यक्ति की शादी वर्ष 2019 में चंबा निवासी युवती से हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। दंपती की एक बेटी भी है, जो फिलहाल मां के साथ रह रही है।

पति ने अदालत में याचिका दायर कर आरोप लगाया कि शादी के करीब दो महीने बाद ही पत्नी का व्यवहार बदलने लगा था। वह महंगे और फैशनेबल कपड़े, मेकअप का सामान और अन्य महंगी चीजों की मांग करती थी। पति का कहना था कि उसने अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार सामान उपलब्ध करवाने की बात कही, लेकिन पत्नी तत्काल महंगी चीजें दिलाने का दबाव बनाती थी और इस बात को लेकर अक्सर विवाद होता था।

बुजुर्ग माता-पिता के साथ दुर्व्यवहार का भी आरोप

पति ने अदालत को बताया कि पत्नी उसके साथ-साथ उसके बुजुर्ग माता-पिता के साथ भी दुर्व्यवहार करती थी। याचिका में मारपीट, गाली-गलौज और लगातार मानसिक प्रताड़ना के आरोप भी लगाए गए।

पति के अनुसार, 28 अगस्त 2020 को वह उसकी गैरमौजूदगी में बिना किसी को बताए मायके चली गई। इसके बाद उसने कई बार पत्नी को वापस लाने का प्रयास किया, लेकिन वह लौटने के बजाय तलाक देने का दबाव बनाती रही।

अदालत ने इन आधारों पर सुनाया फैसला

सुनवाई के दौरान पति ने खुद अदालत में अपना बयान दर्ज करवाया। उसकी मां ने भी हलफनामा देकर उसके आरोपों का समर्थन किया। पत्नी की ओर से अदालत में पेश नहीं होने के कारण मामले में एकतरफा कार्यवाही हुई।

अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहियों पर विचार करते हुए पति को हुई मानसिक प्रताड़ना, अपमानजनक व्यवहार और मारपीट से जुड़े आरोपों को क्रूरता के आधार के रूप में माना। साथ ही, बिना उचित कारण लंबे समय तक वैवाहिक घर से अलग रहने को परित्याग माना।

इन तथ्यों के आधार पर देहरा परिवार न्यायालय ने पति की तलाक याचिका स्वीकार करते हुए विवाह विच्छेद की डिक्री जारी कर दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here