

हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग की 11 महिला एएसआई और 237 पुरुष अधिकारियों का अप्पर क्लास कोर्स गुरुवार को समाप्त हो गया। प्रदेश के इन अधिकारियों ने हिमाचल प्रदेश पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय डरोह में 38वें बैच अप्पर क्लास कोर्स (सब इंस्पेक्टर प्रमोशन ट्रेनिंग) को पूरा किया। इस कोर्स में कुल 248 प्रशिक्षु शामिल हुए। इनमें 11 महिला प्रशिक्षु भी शामिल रहीं। इस कोर्स की अवधि आठ सप्ताह की होती है। 14 जुलाई को कोर्स शुरू हुआ था।
कोर्स में प्रशिक्षुओं को इंडोर और आउटडोर प्रशिक्षण दिया गया। नए आपराधिक कानून, साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन, फॉरेंसिक साइंस, फॉरेंसिक मेडिसिन, पीटी परेड और योग का विशेष प्रशिक्षण इन्हें दिया गया। पीटीसी डरोह के प्रधानाचार्य डाॅ. देवेंद्र कुमार चौधरी ने प्रशिक्षुओं से पीटीसी में दिए गए प्रशिक्षण को धरातल पर व्यावहारिक रूप से लागू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि यहां से प्रशिक्षण प्राप्त पुलिस अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में अपने अनुभवों और सिखाई गई कानून की बारीकियों का पूरा प्रयोग करेंगे। समाज में असहाय और पीड़ित व्यक्ति को न्याय दिलाने में अग्रसर रहेंगे।







