Home Himachal News शिमला में वीकेंड पर सैलानियों की भीड़, एचपीटीडीसी होटलों में 50% से...

शिमला में वीकेंड पर सैलानियों की भीड़, एचपीटीडीसी होटलों में 50% से अधिक रूम बुक

227
0
शहर में दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ के अलावा आसपास के राज्यों से पर्यटक शिमला पहुंचे हैं।

पहाड़ों की रानी शिमला पर्यटकों से गुलजार हो गई है। सैलानी परिवार के साथ यहां पर घूमने आए हैं। शहर में दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ के अलावा आसपास के राज्यों से पर्यटक शिमला पहुंचे हैं। एचपीटीडीसी के अनुसार वीकेंड पर 50 फीसदी ऑक्यूपेंसी (होटलों में बुकिंग) दर्ज की गई। मैदानी क्षेत्रों के स्कूलों में छुट्टियां होने के बाद भारी संख्या में सैलानियों ने शिमला का रुख किया है। पर्यटन विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में यह संख्या बढ़ सकती है। इसके अलावा गुरुवार को कालका से शिमला और शिमला से कालका तक आने वाली सभी ट्रेनें पैक रहीं। दोनों ओर करीब 2200 यात्रियों ने सफर किया।

पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होने के बाद शिमला के होटल, रेस्तरां और दुकानदारों को भी काफी लाभ मिल रहा है। वहीं ताजा बर्फबारी के बाद प्रदेश के पर्यटन स्थल इस वीकेंड पर सैलानियों से गुलजार रहेंगे। रोहतांग, सिस्सू, अटल टनल, जलोड़ी दर्रा सहित कुल्लू और किन्नौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद वीकेंड से पहले ही पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भीड़ बढ़ गई है।

शिमला, मनाली, धर्मशाला, कसौली, चायल, कुफरी और नारकंडा में सैलानियों की खूब चहल-पहल बढ़ गई है। धर्मशाला-मैक्लोडगंज में सड़कों की खस्ताहाल से पर्यटकों को परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र चंद ठाकुर ने बताया कि बर्फबारी से टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर भीड़ बढ़नी शुरू हो गई है। वहीं कुफरी और मशोबरा में भी सैलानियों ने सैर की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here