
वर्ष 2024 में जोगिंद्रनगर से संबंधित तीन लोगों को विदेश भेजने के एवज में 12 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में जोगिंद्रनगर पुलिस ने जिला हमीरपुर की बड़सर तहसील के बणी निवासी अजय संगल पुत्र गज्जन सिंह संगल को पानीपत( हरियाणा) से गिरफ्तार किया है। 23 फरवरी, 2024 को पुलिस थाना जोगिंद्रनगर में दर्ज मामले में आरोप है कि आरोपी ने कथित तौर पर जोगिंद्रनगर के तीन निवासियों मनोज कुमार, सूरज कुमार और धर्मेंद्र से विदेश भेजने के बहाने 12 लाख लिए थे।
पुलिस द्वारा धारा 420, 120-बी, और 34 आईपीसी के तहत गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान, पुलिस को हरियाणा पुलिस (पानीपत) के एएसआई सुनील से सूचना मिली कि यही आरोपी पानीपत, हरियाणा में भी इसी तरह के एक धोखाधड़ी के मामले में शामिल है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, एसआई अजय राणा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस दल ने एएसआई मुकेश धरवाल और कांस्टेबल अनिल ठाकुर की सहायता से आरोपी का पता लगाया और उसे पानीपत से गिरफ्तार कर लिया
आरोपी को हिरासत में ले लिया है और शनिवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा। थाना प्रभारी जोगिंद्रनगर सकीनी कपूर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जोगिंद्रनगर पुलिस लोगों को फर्जी एजेंटों या बड़ी रकम के बदले विदेश में नौकरी देने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहने की सलाह देती है।





