Home Himachal News जयराम बोले — सुक्खू सरकार ने हमीरपुर के लिए कुछ नहीं किया,...

जयराम बोले — सुक्खू सरकार ने हमीरपुर के लिए कुछ नहीं किया, अब सीट बदलने की तैयारी में

203
0
मंडी में जयराम ठाकुर ने कहा कि बतौर सीएम उन्होंने हमीरपुर को एक धेले का भी योगदान नहीं दिया। यही कारण है कि अब सीएम वहां से भागकर किसी दूसरे स्थान से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व सीएम जयराम ठाकुर का कहना है कि सीएम सुक्खू हमीरपुर में अपनी राजनीतिक जमीन को खिसकता देख अब वहां से भागने की तैयारी में हैं। मंडी में जयराम ठाकुर ने कहा कि बतौर सीएम उन्होंने हमीरपुर को एक धेले का भी योगदान नहीं दिया। यही कारण है कि अब सीएम वहां से भागकर किसी दूसरे स्थान से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। उन्होंने सीएम के मंडी में दिए उस बयान पर भी तंज कसा, जिसमें सीएम ने मंडी को अपना घर-परिवार बताते हुए यहां विकास की गंगा बहाने की बात कही थी। जयराम ठाकुर ने कहा कि जिन्होंने तीन वर्षों तक मंडी को सिर्फ उजाड़ने का काम किया, उनके मुंह से ऐसे बयान अच्छे नहीं लगते। तीन वर्षों में एक पटवार सर्कल तो खोल नहीं पाए, खुले हुए सभी संस्थान बंद कर दिए और चले हुए विकास कार्यों को रोक दिया, वे इस तरह की बातें कह रहे हैं। जयराम ने कहा कि आज सीएम की खुद उनकी ही पार्टी में स्वीकार्यता नहीं बची है और सभी उनको छोड़कर जाने को मजबूर हैं।

जयराम ठाकुर ने कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी पर आरोप लगाया कि उन्होंने धारा 118 की फाइलें बाय हैंड मंजूर करवाने के लिए लोग रखे हैं। जयराम ने कहा कि जगत सिंह नेगी के विभागों में भयंकर भ्रष्टाचार चल रहा है। उन्होंने जगत सिंह नेगी के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें नेगी ने जयराम से आपदा के नाम पर एकत्रित राशि पर श्वेतपत्र जारी करने की मांग की थी। जयराम ठाकुर ने कहा कि दानी सज्जनों ने जो भी मदद दी है वो सीधे प्रभावितों को दी है। मददगारों ने प्रभावितों की वास्तविक स्थिति को जानने के बाद ही उन्हें यह राहत दी है। इस तरह के आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने आपदा प्रभावितों की मदद करने वाले सभी मददगारों का आभार भी जताया।

वहीं भाजपा के प्रवक्ता बलदेव तोमर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता जगत सिंह नेगी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर की गई अभद्र और असंवेदनशील टिप्पणियां की गईं, जिसकी वे कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि जगत सिंह नेगी का यह रवैया न केवल राजनीतिक अशालीनता का परिचायक है, बल्कि यह दर्शाता है कि कांग्रेस के नेता आज भी अपने अहंकार और हताशा से ऊपर नहीं उठ पाए हैं। प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी करने ले लिए उनको सार्वजनिक रूप से माफी मांगी चाहिए बलदेव तोमर ने कहा कि जगत सिंह नेगी जब भी मुंह खोलते हैं, तो कोई न कोई विवाद या अपमानजनक बयान जरूर सामने आता है। ऐसा लगता है जैसे उन्हें बिना तथ्यों के बोलने की आदत पड़ चुकी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस नेतृत्व ने ऐसे बयानों पर रोक नहीं लगाई, तो जनता आने वाले चुनावों में इन्हें मुंहतोड़ जवाब देगी। भाजपा विकास और राष्ट्रहित के मुद्दों पर काम करती रहेगी, जबकि कांग्रेस केवल झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति में उलझी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here