Home चुनाव Election Result- एनडीए की मजबूत बढ़त, भाजपा ने मनाया जश्न; जयराम व...

Election Result- एनडीए की मजबूत बढ़त, भाजपा ने मनाया जश्न; जयराम व अन्य नेताओं ने जताई खुशी

256
0
बिहार चुनाव नतीजों पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि बिहार की जनता ने राहुल गांधी के प्रपंच और महागठबंधन के हर झूठ को नकार दिया है।

बिहार चुनाव पर रुझानों में एनडीए की निर्णायक बढ़त से हिमाचल भाजपा में जश्न का माहाैल है। भाजपा कार्यालय ऊना में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। सदर के विधायक सतपाल सिंह सती की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिला कर खुशी जाहिर की। विधायक सतपाल सिंह सती ने कहा कि यह जनता की ओर से किए गए विकास के समर्थन और लोकतंत्र की बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकासवादी राजनीति पर विश्वास जताया है। सती ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है।

वहीं बिहार चुनाव नतीजों पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने राहुल गांधी के प्रपंच और महागठबंधन के हर झूठ को नकार दिया है। कहा कि हिमाचल के मुख्यमंत्री वहां पर कांग्रेस की गारंटियों के ब्रांड एंबेसडर के रूप में गए थे लेकिन कांग्रेस चार के ऊपर नहीं जा पा रही है। उनकी गारंटियों के मॉडल को पूरे देश ने ठुकरा दिया है। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  की नीतियों की और समाज कल्याण के प्रति उनकी भावना की जीत है। नीतीश और मोदी की जोड़ी ने जिस तरह से एक विकास का राज बिहार में स्थापित किया है और जहां बिहार बिल्कुल पिछड़ेपन की निशानी के रूप में जाना जाता था। आज बिहार देश की आर्थिकी के अंदर महत्वपूर्ण योगदान देने वाला प्रांत इस रूप में आगे बढ़ा है। कहा कि जनता प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार से बुरी तरह त्रस्त है और जनता भी इंतजार कर रही है किस दिन चुनाव आए और  कांग्रेस को धराशाई करके मोदी की सरकार बनाई जाए। 

बिहार में एनडीए गठबंधन की जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल रहा। नाहन के गुन्नुघाट चौक पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। कार्यकर्ताओं ने जमकर पटाखे भी फोड़े और भाजपा को मिली जीत का जश्न मनाया। नाहन भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर और धारटीधार मंडल के अध्यक्ष संजय पुंडीर के नेतृत्व में यह प्रदर्शन हुआ। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे भी लगाए। इस मौके पर संजय चौहान, धीरजगर्ग, भाजयुमो के जिला अध्यक्ष अरूण चौहान, प्रदीप विज, संजीव मित्तल समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बिहार चुनावों में एनडीए के बेहतर प्रदर्शन को लेकर जिला कुल्लू भाजपा ने जश्न मनाया है। जिला मुख्यालय के ढालपुर चौक में भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने विजय रैली निकाली और नारेबाजी भी की। जिलाध्यक्ष अमित सूद की अध्यक्षता में निकाली गई इस विजय रैली के दौरान उन्होंने मिठाईयां बांटकर खुशी का इजहार किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here