

टापरी के समीप पूनंग सड़क पर एक बोलेरो पिकअप पलट गई और पिकअप में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चालक घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए भावानगर अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है।
पुलिस थाना भावानगर से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार रात को बोलेरो पिकअप संख्या एचपी 26-2640 में सवार होकर अंशु नेगी (26) निवासी काफनू अपने दोस्त सूर्य प्रकाश (32), निवासी किल्बा, किन्नौर को टापरी छोड़ने जा रहा था। जैसे ही पिकअप टापरी के समीप पहुंची तो चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और पिकअप सडक़ पर ही पलट गई। इस हादसे में सूर्य प्रकाश के सिर पर गहरी चोट लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए टापरी अस्पताल पहुंचाया। शुक्रवार को मृतक का पोस्टमार्टम कर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं पिकअप चालक को उपचार के लिए भावानगर अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन कर रही है।
पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि सड़क पर पिकअप पलटने से एक युवक की मौत हो गई है, जबकि चालक जख्मी हुआ है। मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।







