

हिमाचल प्रदेश में सुबह-शाम ठिठुरन लगातार बढ़ रही है। राज्य के बिलासपुर(नेरी) और सिरमौर( पांवटा साहिब) को छोड़कर सभी जिलों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है। प्रदेश के 12 स्थानों पर न्यूनतम पारा 5 डिग्री सेल्सियस से भी कम चल रहा है। ताबो, कुकुमसेरी और केलांग व कल्पा का न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया। लगातार शुष्क माैसम के बीच पारा गिरने से जनजातीय क्षेत्र लाहाैल-स्पीति, किन्नाैर व चंबा के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में नाले-झरने व झीले ठोस बर्फ में तब्दील होने लगे हैं।
लाहौल के कोकसर के समीप धारा वाटरफाल ने सर्दियों की ठिठुरती ठंड में कमाल कर दिया है। झरना जमकर ठोस बर्फ में तब्दील हो गया है और उसके चमकते बर्फीले रूप को देखने के लिए पर्यटक उमड़ पड़े हैं। फोटोग्राफी और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने वाले लोग इस अनोखी छटा का लुफ उठा रहे हैं जबकि ठंडी हवा और बर्फ की चादर ने पूरे इलाके को सर्दियों का जादुई दृश्य बना दिया है।
शिमला में न्यूनतम तापमान 7.0, सुंदरनगर 5.0, भुंतर 4.0, कल्पा -1.0, धर्मशाला 7.4 , ऊना 8.0, नाहन 8.9, केलांग -4.0, पालमपुर 4.5, सोलन 4.6, मनाली 2.1, कांगड़ा 6.7, मंडी 7.1, बिलासपुर 9.5, हमीरपुर 6.2, जुब्बड़हट्टी 8.0, कुफरी 4.5, कुकुमसेरी -3.8, नारकंडा 2.1, भरमाैर 4.7, रिकांगपिओ 2.6, सेऊबाग 2.8, बरठीं 7.5, कसाैली 8.6, सराहन 5.4, देहरा गोपीपुर 8.0, पांवटा साहिब 12.0, ताबो -6.6, नेरी 11.4, बजाैरा में 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
वहीं बिलासपुर और सुंदरनगर में मध्यम कोहरा दर्ज किया गया है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के सभी क्षेत्रों में 28 नवंबर तक मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में राज्य में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले 3-4 दिनों तक धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने के आसार हैं। अधिकतम तापमान के अगले 2-3 दिनों में धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस गिरने की संभावना है।
अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज हुई। ऊना में सबसे अधिक 26.6 डिग्री ही पारा दर्ज हुआ। शुक्रवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 24.6, हमीरपुर में 24.4, कांगड़ा में 24.0, धर्मशाला-भुंतर में 23.0, मंडी में 22.9, नाहन में 22.8, सोलन में 22.0, सुंदरनगर में 21.6, शिमला में 16.6, मनाली में 16.1 और केलांग में 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।







