

कोलकाता में आयोजित विश्व स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हिमाचल की धाविका सीमा ने इतिहास रच दिया। सीमा ने 25,000 मीटर दौड़ में 1:26:04 के शानदार समय के साथ स्वर्ण पदक जीतते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने न केवल प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया, बल्कि देश की एथलेटिक्स में भी नया मानक स्थापित किया।
स्वर्ण पदक जीतने पर चंबा की रहने वाली सीमा को आयोजकों की ओर से तीन लाख रुपये नकद पुरस्कार और स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। इसके अलावा रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के लिए उन्हें एक लाख रुपये अतिरिक्त दिए गए। अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय सीमा ने अपने परिवार, कोच और ऑफिशियल पेसर अनीष चंदेल को दिया। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड बनाने में अनीष चंदेल का मार्गदर्शन और सहयोग बेहद अहम रहा। बिलासपुर के अनीष चंदेल ने पूरी दौड़ के दौरान न केवल तय गति बनाए रखी, बल्कि मानसिक रूप से भी उन्हें प्रेरित किया।
जिला परिषद सदस्य मनोज कुमार मनु ने सीमा को स्वर्ण पदक और राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बधाई देते हुए इसे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के साथ-साथ अन्य खेलों के खिलाड़ियों को भी एक समान सम्मान और प्रोत्साहन मिलना चाहिए।





