

रिज मैदान पर विंटर कार्निवल की तीसरी संध्या को कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर यादगार बना दिया। इस संध्या में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। हरियाणवी स्टार विवेक राघव ने तेरी पतली कमर पर मटका भारी फूट जाएगा… गाना गाकर दर्शकों को खूब नचाया। विवेक हरियाणा में 500 से अधिक हिट गाने दे चुके हैं और सपना चौधरी के साथ काम कर चुके हैं। इसके बाद उन्होंने और यार तेरा चेतक पर… जैसे सुपरहिट गाने गाए। इनके गानों पर शिमला घूमने आए पंजाबी और हरियाणा के पर्यटक जमकर झूमे।
रात करीब 8:20 बजे मंत्री हर्षवर्धन चौहान जैसे ही मंच पर पहुंचे महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जनता ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद गायक राजेश त्यागी के गीतों पर मंत्री हर्षवर्धन चौहान भी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। राजेश त्यागी ने बस गए दिलों रे मेरे प्यारिये गीत गाया। हिमाचल एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित गायिका पूनम भारद्वाज ने मंच संभालते पर आते ही ऐसी दीवानगी देखी नहीं… हरी ककड़ी…जैसे गीत गाकर तालियां बटोरीं।
वहीं नाटी क्वीन के नाम से मशहूर सावी शर्मा ने अपनी दमदार डांस परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीत लिया। रात करीब 9:30 बजे दिलीप सिरमौरी ने मंच पर दस्तक दी। उन्होंने तेरी शंगरी… सहित कई लोकप्रिय पहाड़ी नाटियां गाईं। इससे पहले विनोद रांटा, रिंकू राजपूत ने प्रस्तुति दी। सोनू भारद्वाज, राकेश शर्मा, राम किशन शर्मा, पंकज ठाकुर ने भी दर्शकों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने पर्यटकों का हिमाचल में स्वागत किया और उन्हें स्वच्छता बनाए रखने को लेकर संदेश भी दिया। विंटर कार्निवल देखने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे थे।
इस दौरान युवाओं ने पहाड़ी नाटियों पर जमकर डांस किया। विंटर कार्निवल एक जनवरी तक चलेगा। इस अवसर पर महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल, आयुक्त भूपेंद्र अत्री, संयुक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा पार्षद किरन शर्मा, अंकुश वर्मा, शीनम कटारिया, सीएचओ डॉ. अंजलि चौहान मौजूद रहे।
लालपानी स्कूल के छात्र आज देंगे प्रस्तुति
विंटर कार्निवल की चौथी सांस्कृतिक संध्या में लालपानी स्कूल के छात्र नाटी पर प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा शिवांगी मुलटा, पंजाबी सिंगर करण गिल और ललित, किंगपाल सिंह सुकेती, जयप्रकाश तथा रमना भारती प्रस्तुतियां देंगे। जितेंद्र चौहान, शालू धीमान, हेमंत शर्मा और पॉप स्टार इंद्रजीत सिंह और राजीव राजा भी कार्यक्रम पेश करेंगे। इसके अलावा दिन में भी कई कार्यक्रम होंगे।
विंटर कार्निवल के मंच पर शुक्रवार को वायस ऑफ शिमला सीजन 3 गायन प्रतियोगिता के फोक राउंड में टॉप 12 प्रतिभागियों का चयन किया गया। इस दौरान मंच पर टॉप 15 प्रतिभागियों ने अपनी मधुर आवाज में प्रस्तुतियां दीं। इसमें प्रदीवन कालटा, मनवीर सिंह, पूनम पंडित, आकाश दामसेठ, प्रथम घई, श्याम ठाकुर, नवीन, साहिल वर्मा, शुबाश प्रिंस, अंजलि भाटिया, सौरव अत्री और राहुल सारंग शामिल हैं। शनिवार को रेट्रो बॉलीवुड राउंड होगा। यह प्रतियोगिता नगर निगम शिमला और महादेव स्टूडियो के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित की जा रही है। इसमें हेमंत ऑरकेस्ट्रा की टीम ने संगीत दिया। महादेव स्टूडियो के निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि विंटर कार्निवल में तीन साल से वॉयस ऑफ शिमला की प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।





