Home H.P. GOVT पेंशनरों को 31 जनवरी से पहले मिलेगा भुगतान, प्रागपुर को SDM कार्यालय...

पेंशनरों को 31 जनवरी से पहले मिलेगा भुगतान, प्रागपुर को SDM कार्यालय की सौगात

15
0
Himachal Statehood Day 2026: रविवार को 56वां पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह कांगड़ा जिले के परागपुर में मनाया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कई घोषणाएं की।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने भव्य परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की कि उनका भुगतान 31 जनवरी से पहले कर दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रागपुर में उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय खोलने तथा नलसूहा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) स्थापित करने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में दो बार भीषण आपदाएं आने के बावजूद विपक्षी दल ने केंद्र सरकार से आपदा प्रबंधन के तहत वित्तीय सहायता दिलाने का मुद्दा नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता की, उचित मुआवजा प्रदान किया तथा गृह निर्माण के लिए आर्थिक सहायता बढ़ाई। उन्होंने बताया कि प्रदेश में राजस्व अदालतों का आयोजन किया जा रहा है तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में डे-बोर्डिंग स्कूल और सीबीएसई स्कूल खोले जा रहे हैं। कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है, जबकि करुणामूलक योजना पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और प्रदेश में चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान चलाया जा रहा है। सिरमौर जिले में विश्वस्तरीय संस्थान स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने समृद्ध हिमाचल विज़न डॉक्यूमेंट तैयार किया है, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए संतुलित विकास की रूपरेखा तय की गई है।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल प्रदेश के 56वें पूर्ण राज्यत्व दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं। 25 जनवरी 1971 से राज्य की यात्रा को याद करते हुए, उप-मुख्यमंत्री ने उन दूरदर्शी नेताओं और मेहनती नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने हिमाचल को देश भर के पहाड़ी राज्यों के लिए विकास का एक रोल मॉडल आदर्श बना दिया।

उप मुख्यमंत्री ने समान विकास सुनिश्चित करने और कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने की सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने युवाओं से राज्य के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेने और हिमाचल प्रदेश को एक आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में सक्रिय रूप से योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने सभी निवासियों के लिए शांति, प्रगति और सद्भाव की कामना की। 

वहीं, पूर्ण राज्यत्व दिवस को लेकर पीएम मोदी ने शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि ‘प्रकृति और संस्कृति की संगमस्थली हिमाचल प्रदेश के अपने सभी परिवारजनों को पूर्ण राज्यत्व दिवस की अनेकानेक शुभकामनाएं। अपनी अद्भुत प्रतिभा और पराक्रम से वे सदैव मां भारती की सेवा करते आए हैं। मैं उनके सुनहरे भविष्य के साथ-साथ इस देवभूमि की समृद्धि की कामना करता हूं।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here