Home Himachal News हिमाचल में नशे का कहर—चिट्टा खरीदने के लिए युवक ने एक लाख...

हिमाचल में नशे का कहर—चिट्टा खरीदने के लिए युवक ने एक लाख में गिरवी रख दी कार

78
0
हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में एक युवक ने नशे की मांग को पूरा करने के लिए अपनी कार को एक लाख रुपये में गिरवी रख दिया। पढ़ें पूरी खबर...

युवाओं को नशे की लत ने बर्बादी के कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। नशे की लत को पूरा करने के लिए युवा चोरी और लूटपाट जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं तो वहीं नशा खरीदने के लिए किसी भी हद तक जाने को मजबूर हो गए हैं। चिट्टे के नशे ने जिला शिमला के युवाओं को अपराध के दलदल में भी धकेलना शुरू कर दिया है। जांच में सामने आया है कि नशे की मांग को पूरा करने के लिए युवक ने अपनी कार को एक लाख रुपये में गिरवी रख दिया। कार गिरवी रखने के बाद युवक चिट्टा खरीदकर शिमला आ रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें शोघी के समीप दबोचा लिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी एक युवक ने चिट्टा खरीदने के लिए कार को गिरवी रखा था। अब पुलिस इस मामले में नशे की सप्लाई करने वाले आरोपी की पहचान करने में जुट गई है। इससे पहले भी नशा तस्करी के मामलों में सामने आ चुका है कि युवक नशे की लत को पूरा करने के लिए घरों में चोरी जैसी घटनाओं को भी अंजाम दे चुके हैं। यही नहीं शहर में कई ऐसे मामले भी सामने आ चुके हैं, जिसमें नशे की लत के कारण युवक राहगीरों से लूटपाट जैसी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। ऐसा ही मामला टुटीकंडी क्षेत्र में भी सामने आ चुका है, जहां पर रात और दिन के समय पैदल चल रहे लोगों को लिफ्ट देकर लूटपाट जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने पूछताछ में नशे के लिए इस तरह की आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की थी। पिछले दिनों शहर में छीनाझपटी के मामलों के पीछे की वजह भी नशा ही बताया जा रहा है। शिमला में चिट्टा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है। नए साल में ही जिले में नशा तस्करी के मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। इसमें दूसरे राज्यों के सप्लायरों को भी गिरफ्तार किया गया है।

नशा तस्करी के मामलों में कार्रवाई के साथ ही पुलिस अब पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत नशा तस्करी में लगातार संलिप्त पाए जाने वाले आदतन तस्करों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई कर रही है। जिला पुलिस अभी तक दस ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। इन आरोपियों को तीन महीने तक जेल में ही रखा जाएगा और इसके बाद जरूरत पड़ी तो इस सजा और और बढ़ाया जा सकता है। पुलिस के मुताबिक नशा तस्करी में संलिप्त यह आरोपी कई बार पकड़े जाने के बावजूद नशा तस्करी में संलिप्त हैं। इससे जिले की युवा पीढ़ी पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। इसको देखते हुए पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत ऐसे आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here