Home Himachal News व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जिला सांख्यिकी अधिकारी ने जंगल में फंदा...

व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जिला सांख्यिकी अधिकारी ने जंगल में फंदा लगाकर दी जान, राजगढ़ में हड़कंप

13
0
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में जिला सांख्यिकी अधिकारी ने आत्महत्या कर ली। अधिकारी ने घटनास्थल पर दो पेज का सुसाइड नोट छोड़ा है। पढ़ें पूरी खबर...

उपमंडल राजगढ़ के हाब्बन क्षेत्र के कोढ़ब बागना निवासी जिला सांख्यिकी अधिकारी ने सोमवार को आत्महत्या कर ली। जिला सांख्यिकी कार्यालय सोलन में कार्यरत प्रेम प्रकाश भगनाल (40) ने अपने गांव के समीप जंगल में जाकर पेड़ से फंदा लगा लिया। अधिकारी ने घटनास्थल पर दो पेज का सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें प्रशासनिक कार्यशैली और विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के व्यवहार और आपसी संवाद की कमी पर कई गंभीर सवाल उठाए गए हैं। सुसाइड नोट में यह भी उल्लेख किया गया है कि यह कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था, बल्कि सिस्टम में मौजूद खामियों से परेशान होकर उन्होंने यह कठोर कदम उठाया है।

मृतक के पिता केदार सिंह और अन्य परिजनों ने प्रशासन से इस मामले की गहन और निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पिता ने बताया कि प्रेम प्रकाश कुछ दिनों से छुट्टी पर घर आया था। इस दौरान वह लगातार मानसिक तनाव में था। उनके अनुसार, बेटे ने कई बार बताया था कि विभाग के बड़े अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी उन पर गलत तरीके से काम करने का दबाव बना रहे हैं, इससे उनकी मानसिक स्थिति प्रभावित हो रही है। अधिकारी अपने पीछे चार साल के बेटे सहित पत्नी व बुजुर्ग माता-पिता को छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। एएसपी योगेश रोल्टा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here