Home Himachal News मूसलाधार बारिश से हिमाचल बेहाल! हादसों और बंद स्कूलों ने बढ़ाई चिंता,...

मूसलाधार बारिश से हिमाचल बेहाल! हादसों और बंद स्कूलों ने बढ़ाई चिंता, जानें पूरी खबर

19
0
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। पच्छाद में कार खाई में गिरने से जीजा-साले की मौत हो गई, जबकि शिमला में चलती बस पर पेड़ गिरने से बड़ा हादसा टल गया। पांवटा उपमंडल में 5 और 6 अगस्त को सभी शिक्षण संस्थान बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। कई जिलों में भूस्खलन, उफनते नदी-नाले और जलाशयों से पानी छोड़े जाने के कारण प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की है।

हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट के बीच भारी बारिश ने दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। नदी-नाले उफान पर हैं। पच्छाद में बारिश के दौरान चिकनी मिट्टी पर कार फिसलने से जीजा-साले की मौत हो गई। भारी बारिश की चेतावनी के साथ पांवटा उपमंडल में पांच और छह अगस्त को सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। उधर, नाथपा-झाकड़ी, कड़छम, जटौन बैराज से पानी छोड़ा गया। रामपुर के गानवी में घर पर चट्टान गिर गई। शिमला में चलती बस पर पेड़ गिरा, जिससे सवारियां बाल-बाल बचीं।

पांवटा-शिलाई और नाहन-कुमारहट्टी एनएच पर जगह-जगह भूस्खलन हुआ। लगातार बारिश से फसलों पर खतरा मंडरा रहा है। रामपुर खंड की गानवी पंचायत के पशगांव में भूस्खलन से एक घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बहादुर सिंह के परिवार और नेपाल मूल के पांच मजदूरों ने भागकर जान बचाई। कांगड़ा के इंदौरा, पालमपुर में बारिश भी हुई। ज्वालामुखी से सपड़ी खुंडियां पालमपुर मार्ग पहाड़ी से बढ़ी चट्टान गिरने के कारण 10:30 बजे के करीब बंद हो गया। ऊना, मंडी और हमीरपुर के कुछ क्षेत्रों में बारिश हुई। सिरमौर के पच्छाद में मंगलवार सुबह करीब छह बजे डिंगरी सरजेट निवासी तपेंद्र सिंह (52), उनके जीजा बलवंत सिंह (52) निवासी कोटला बड़ोग और तपेंद्र सिंह की पत्नी प्रभा देवी (50) कार में मढ़ीघाट से गाय का दूध निकालकर अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में चिकनी मिट्टी से कार फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। तपेंद्र और बलवंत की मौत हो गई, जबकि प्रभा का इलाज चल रहा है

प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान रेणुका में सर्वाधिक 142.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। नयना देवी में 140.8, नाहन में 117.6, ऊना में 57.0, कसौली में 38.0, राजगढ़ में 25.0, पांवटा साहिब में 22.6, नालागढ़ में 20.0, मंडी में 3.4 और कुफरी में 0.5 मिलीमीटर वर्षा हुई। हमीरपुर में 32 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान…शिमला में अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुंदरनगर में 28.8, भुंतर में 30.6, धर्मशाला में 29.0, ऊना में 30.4, नाहन में 27.0, मनाली में 24.8, कांगड़ा में 29.6, हमीरपुर में 32.0 और कुफरी में 20.0 डिग्री रहा।

उफनती खड्ड में फंसी 25 जिंदगियां बचाईं
मंगलवार को पांवटा साहिब उपमंडल के कोलर क्षेत्र में बड़ा हादसा टल गया। कटासन के समीप जलमूसा खड्ड में जलस्तर बढ़ने से चार गुर्जर परिवारों के 25 लोग चारों ओर से पानी में घिर गए। इनमें छह माह की बच्ची से लेकर 45 वर्ष के महिला, पुरुष और बच्चे शामिल थे। पुलिस, होमगार्ड, प्रशासन, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सभी को बाहर निकाल लिया गया।

चंबा जिले के मेहला क्षेत्र में मणिमहेश यात्रा पर जा रही एक थार गाड़ी पर पहाड़ी से अचानक विशाल पत्थर गिर गया। हादसे में पंजाब के होशियारपुर निवासी एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रशासन ने यात्रियों से पहाड़ी मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here