

हिमाचल प्रदेश के सिरमाैर जिले के पांवटा साहिब में शिलाई क्षेत्र के एक व्यक्ति की गला रेत कर हत्या करने का मामला सामने आया है। मामला देर रात का बताया जा रहा है। वारदात नगर परिषद पांवटा साहिब के विश्वकर्मा चौक पर नव निर्मित पार्किंग स्थल पर हुई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
उपमंडल पुलिस अधिकारी मानवेंद्र ठाकुर व थाना प्रभारी कुलवंत सिंह टीम सहित मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं। मृतक की पहचान भाव सिंह पुत्र सही राम निवासी गांव आवत कोटी उतरू, शिलाई के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मृतक शिलाई में सब्जी की दुकान चलाता था और हर तीसरे दिन सब्जी लेने के लिए पिकअप से पांवटा आवाजाही करता था। एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए कि पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।







