

भारी बारिश के चलते हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सोमवार सुबह करीब छह बजे ग्राम पंचायत चेवा के गांव उदयपुर (कुमारहट्टी) में दो मंजिला इमारत के ढहने से उसमें रह रहे परिवार के चार सदस्य घायल हो गए।
चेवा पंचायत की प्रधान सुमन ने बताया कि जैसे ही उन्हें इमारत ढहने की जानकारी मिली, तो अन्य लोगों के साथ मौके पर गए। घायलों को सीएचसी धर्मपुर पहुंचाया गया, जहां से उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल सोलन रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि भवन में कुल छह सदस्य थे, जिनमें चार बड़े वो दो बच्चे शामिल हैं। बच्चों को किसी तरह की चोटें नहीं आई है।
गौरतलब है कि जिला के सभी क्षेत्रों में रात से ही भारी बारिश का क्रम जारी है। अधिकांश क्षेत्रों की संपर्क सड़कें भूस्खलन होने से अवरुद्ध हो गई है। दर्जनों पंचायतों में आधी रात से बिजली भी गुल है।







