Home Himachal Weather हिमाचल में कड़ाके की ठंड का असर, सात जिलों में पारा 8...

हिमाचल में कड़ाके की ठंड का असर, सात जिलों में पारा 8 डिग्री से नीचे; 22 नवंबर तक कैसा रहेगा मौसम?

29
0

शिमला। हिमाचल प्रदेश में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों से लेकर मध्य पर्वतीय क्षेत्रों तक सुबह और शाम ठिठुरन बढ़ गई है। रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू, शिमला, सोलन और मंडी समेत सात जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।

लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि केलांग में पारा माइनस 3.1 डिग्री तक लुढ़क गया। इसके अलावा कल्पा में 0.7, मनाली में 2.4, बजौरा में 3.1, कुफरी में 4.2, सोलन में 6.0, चंबा में 6.1, मंडी में 6.2 और शिमला में 7.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

दिन में धूप, सुबह-शाम बढ़ रही ठिठुरन

सोमवार को प्रदेशभर में मौसम साफ रहा और अधिकांश क्षेत्रों में दिनभर धूप खिली रही। हालांकि, सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं के चलते लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सर्दी का असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है।

22 नवंबर तक मौसम रहेगा साफ

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 22 नवंबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान मैदानी, मध्य पर्वतीय और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के लिए प्रदेश के किसी भी जिले में विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की है।

दिन के तापमान में हो सकता है इजाफा

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, अगले चार से पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में दिन के समय धूप से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का असर बरकरार रहेगा।

ऊना रहा सबसे गर्म

सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 28.0, कांगड़ा में 25.1, मंडी में 23.9, नाहन में 23.6, धर्मशाला में 23.0, चंबा में 22.8, सोलन में 22.5 और शिमला में 16.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

फिलहाल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के आसार नहीं हैं, लेकिन गिरते न्यूनतम तापमान ने सर्दी का एहसास बढ़ा दिया है। आने वाले दिनों में दिन और रात के मौसम में अंतर बना रहने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here