Home Himachal Weather हिमाचल में मौसम ने मचाई तबाही! कहीं खेतों में बिछ गई किसानों...

हिमाचल में मौसम ने मचाई तबाही! कहीं खेतों में बिछ गई किसानों की मेहनत, तो कहीं अस्पताल और सड़कें बारिश की चपेट में…

6
0

हिमाचल प्रदेश में रविवार को बदले मौसम ने किसानों से लेकर आम लोगों तक की मुश्किलें बढ़ा दीं। प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं के चलते फसलों को नुकसान पहुंचा, सड़कें अवरुद्ध हुईं और कई जगह जनजीवन प्रभावित रहा। बिलासपुर के स्वारघाट में अंधड़ और मूसलाधार बारिश से कटाई के लिए तैयार मक्की की फसल खेतों में बिछ गई।

रविवार शाम तक प्रदेश में 71 सड़कें और 24 पेयजल योजनाएं प्रभावित रहीं। मंडी जिले में सबसे अधिक 32 सड़कें बंद हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को भी कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। 19 सितंबर तक मौसम खराब रहने का अनुमान है।

स्वारघाट में खेतों में बिछी मक्की की फसल

बिलासपुर जिले के उपमंडल स्वारघाट के कई गांवों में अंधड़ और तेज बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। तेज हवाओं के कारण पककर कटाई के लिए तैयार मक्की की फसल जमीन पर गिर गई। इससे किसानों को नुकसान की चिंता सताने लगी है।

कई जिलों में बारिश, सड़कों पर संकट

राजधानी शिमला, धर्मशाला, ऊना, नाहन और अन्य क्षेत्रों में रविवार को बारिश हुई। मंडी जिले में कुल 32 सड़कें बंद रहीं, जिनमें सराज की 27, सरकाघाट की तीन तथा सुंदरनगर और थलौट की एक-एक सड़क शामिल है।

कुल्लू में भी 19 सड़कें अवरुद्ध हैं। भूस्खलन के कारण हाईवे-305 पर बसों की आवाजाही बंद रही। वहीं, निरमंड में हाईटेंशन लाइन में खराबी से 32 ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए। गोहर में भी बिजली के 40 ट्रांसफार्मर प्रभावित रहने की जानकारी सामने आई है।

शिमला में भूस्खलन से भवनों को खतरा

शिमला के भट्ठाकुफर स्थित नेरीधार में दोपहर करीब तीन बजे अचानक पहाड़ी से भूस्खलन हो गया। इससे आसपास के भवनों को खतरा पैदा हो गया। मलबे की चपेट में आने से एक डस्टर गाड़ी भी दब गई।

चौपाल-नेरवा मार्ग पर तीन घंटे यातायात बाधित

चौपाल-नेरवा-पांवटा साहिब मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह नकोड़ा पुल के पास अचानक भूस्खलन हुआ। पहाड़ी से बड़ी-बड़ी चट्टानों के साथ भारी मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे मार्ग दोनों ओर से बंद हो गया। इसके चलते करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा।

नाहन मेडिकल कॉलेज के सर्जिकल वार्ड में घुसा पानी

सिरमौर जिले में रविवार दोपहर करीब डेढ़ घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण नाहन मेडिकल कॉलेज के सर्जिकल वार्ड में पानी पहुंच गया। इससे अस्पताल में भी परेशानी का माहौल बना रहा। इसके अलावा पांवटा साहिब और राजगढ़ में चल रही खेल स्पर्धाएं भी बारिश से प्रभावित हुईं।

19 सितंबर तक खराब रह सकता है मौसम

हिमाचल प्रदेश में मौसम के और खराब रहने की संभावना जताई गई है। रविवार को हुई बारिश और अंधड़ से जहां किसानों की फसलें प्रभावित हुईं, वहीं सड़क, बिजली और पेयजल सेवाओं पर भी असर पड़ा। प्रशासन और संबंधित विभागों के सामने प्रभावित सेवाओं को बहाल करने की चुनौती बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here