Home Himachal News राष्ट्रपति मुर्मू के पहुंचने से पहले बिलासपुर में हलचल तेज, CM सुक्खू...

राष्ट्रपति मुर्मू के पहुंचने से पहले बिलासपुर में हलचल तेज, CM सुक्खू पहुंचे AIIMS… आज होगा बड़ा समारोह

8
0


पूरी खबर:

बिलासपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हिमाचल दौरे को लेकर बिलासपुर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। राष्ट्रपति के स्वागत और AIIMS बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मंगलवार को बिलासपुर पहुंचे। लुहणू हेलीपैड पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से AIIMS बिलासपुर के लिए रवाना हुए।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू AIIMS बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शामिल होंगी। उनके दौरे को देखते हुए AIIMS परिसर से लेकर आने-जाने वाले मार्गों तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

92 प्रशिक्षुओं को मिलेंगी डिग्रियां

AIIMS बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों की शिक्षा और प्रशिक्षण पूरा करने वाले कुल 92 प्रशिक्षुओं को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 2020 बैच के 43 MBBS विद्यार्थी, 2023 बैच के 14 MD-MS चिकित्सक, 2022 बैच के 26 नर्सिंग विद्यार्थी और नौ पैरामेडिकल विद्यार्थी शामिल हैं। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच प्रशिक्षुओं को स्वर्ण पदक से भी सम्मानित किया जाएगा।

10:35 बजे AIIMS पहुंचेंगी राष्ट्रपति

कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह 10:35 बजे AIIMS बिलासपुर परिसर पहुंचेंगी। इसके करीब 10 मिनट बाद सुबह 10:45 बजे दीक्षांत समारोह शुरू होगा। राष्ट्रपति विद्यार्थियों को डिग्रियां और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी।

इसके बाद राष्ट्रपति सुबह 11:55 बजे AIIMS हेलीपैड से मनाली के लिए रवाना होंगी।

कई प्रमुख हस्तियां रहेंगी मौजूद

राष्ट्रपति के स्वागत के लिए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन के AIIMS पहुंचने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री के बिलासपुर पहुंचने के बाद राष्ट्रपति के स्वागत और दीक्षांत समारोह से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

250 पुलिस और होमगार्ड जवान तैनात

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए AIIMS परिसर और उनके आने-जाने वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। करीब 250 पुलिस और होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा घागस और जबली में भी यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान जरूरत के अनुसार यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। प्रशासन और पुलिस की ओर से राष्ट्रपति के दौरे तथा AIIMS के पहले दीक्षांत समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है।

राष्ट्रपति के आगमन से पहले राज्यपाल से मिले CM सुक्खू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के AIIMS बिलासपुर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने AIIMS परिसर में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच राष्ट्रपति के दौरे और AIIMS के पहले दीक्षांत समारोह से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here