

हिमाचल प्रदेश के मेडिकल काॅलेज नाहन में कार्यरत एक सिक्योरिटी गार्ड पर छात्राओं से छेड़छाड़ करने के आरोप लगे हैं। उधर, मामला संज्ञान में आते ही मेडिकल काॅलेज प्रबंधन ने सिक्योरिटी गार्ड को निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले छात्राओं ने काॅलेज प्रबंधन को सिक्योरिटी गार्ड के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत में छेड़छाड़ सहित नंबर मांगने आदि के आरोप लगाए गए थे।
मामला संज्ञान में आते ही प्रबंधन तुरंत हरकत में आ गया और काॅलेज की इंटरनल जांच कमेटी ने मामले में जांच की। वहीं, शिकायत मिलते ही सिक्योरिटी गार्ड को भी निलंबित कर दिया गया है। प्रबंधन ने अपने स्तर पर जांच पूरी करने के बाद अब मामले में आगामी कार्रवाई को लेकर पुलिस को जांच रिपोर्ट सौंप दी है। उधर, जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भी मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले में अपने स्तर पर कार्रवाई कर रही है। बताया जा रहा है कि एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ हुई तो छात्रा ने अन्य छात्राओं से इस बारे में बात की। इसके बाद अन्य 18 के करीब छात्राओं ने भी ऐसे ही आरोप लगाए हैं।
इसके बाद मामले का पटाक्षेप हुआ। उधर, बताया जा रहा है कि जिस सिक्योरिटी गार्ड पर आरोप लगे हैं वह शादीशुदा है और उनके दो बच्चे भी हैं। डीएसपी मुख्यालय रमाकांत ठाकुर ने बताया कि मेडिकल काॅलेज की इंटरनल जांच कमेटी की रिपोर्ट मिली है। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 19 के करीब छात्राओं ने सिक्योरिटी गार्ड पर आरोप लगाए हैं। वहीं, मेडिकल काॅलेज की चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. संगीत ढिल्लो ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही इंटरनल कमेटी ने जांच की। जांच रिपोर्ट आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दी गई है।







