

हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में आपदा के गुर सिखाने के लिए विशेष मॉकड्रिल होगी। इसमें विद्यार्थियों को आपदा के दौरान न केवल खुद का बचाव बल्कि दूसरों को भी सुरक्षित करने के बारे में बताया जाएगा। स्कूलों में बैग फ्री दिवस के दौरान मॉकड्रिल और अन्य गतिविधियां करवाई जाएंगी। आपदा के दौरान प्रबंधन करने के लिए स्कूलों को स्वयं योजना भी तैयार करनी होगी। मॉकड्रिल और जागरुकता एक ही बार नहीं, बल्कि हर माह के बैग फ्री दिवस पर करवानी होगी। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
बरसात में आई आपदा को देखते हुए विभाग की ओर से ये निर्णय लिया है। इसी के साथ स्कूलों में भी आपदा प्रबंधन पर विद्यार्थियों की टीम बनाई जाएगी। ये टीम किसी भी मुसीबत में विद्यार्थियों को सुरक्षित स्थानों की ओर ले जाने का कार्य भी करेगी, साथ ही कोई दिक्कतों पर विद्यार्थियों को जागरूक करने का कार्य भी टीम करेगी। शिक्षा विभाग का मानना है कि विद्यार्थियों को भविष्य में आने वाली आपदाओं पर जागरूक करना जरूरी है। अगर ये जागरूक होंगे तभी अपना और आसपास का बचाव कर सकेंगे। विद्यार्थियों इस दौरान फायर यंत्र चलाने के टिप्स तक दिए जाएंगे। इस बरसात में प्रदेश में आई आपदा के दौरान सैकड़ों स्कूलों को नुकसान पहुंचा हैं। स्कूलों में दरारें तक आ गई हैं। गनीमत रही कि जब स्कूलों को आपदा के दौरान नुकसान पहुंचा तो वे बंद थे।
विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए अग्निशमन विभाग की भी मदद ली जाएगी। इसी के साथ समय-समय पर एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की भी मदद ली जाएगी। ताकि, स्कूली बच्चों को पूर्ण रूप से परिपक्व बनाया जा सके। विद्यार्थियों को जागरूक करने के बाद इनकी मदद लोगों को भी आपदा के प्रति सचेत रहने के लिए ली जाएगी।
बैग फ्री दिवस के दौरान आपदा के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के निर्देश स्कूलों को दिए हैं। विद्यार्थियों को आपदा के प्रति जागरूक करने का फायदा मिलेगा। ये समाज को भी जागरूक करने में मदद करेंगे। विद्यार्थियों को सशक्त बनाया जा रहा है।-गोपाल चौहान, उच्च शिक्षा उपनिदेशक, सोलन।







