

शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर 13 अक्तूबर को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण अवसर पर जनसभा का आयोजन होगा। इस अवसर पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी का आना तय है। राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी शिमला पहुंच सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित पार्टी के अन्य नेता कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
प्रतिमा अनावरण समारोह के दौरान वीरभद्र सिंह के जीवन और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। दिसंबर में सरकार के तीन साल पूरे होने हैं और साल के अंत में पंचायत चुनाव भी प्रस्तावित हैं। कांग्रेस हाईकमान से आने वाले नेता इस जनसभा को संबोधित करेंगे। हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह के पुत्र और लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी रिज मैदान का दौरा किया।







