Home Himachal News रिज पर वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के आगे से सोमवार रात जड़ समेत हरा...

रिज पर वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के आगे से सोमवार रात जड़ समेत हरा पेड़ हुआ रातोंरात गायब,सीएम बोले-जांच होगी

304
0
रिज पर तैयार की गई पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के ठीक सामने खड़ा यह सजावटी पेड़ सोमवार रात जड़ समेत गायब हो गया।

ऐतिहासिक रिज मैदान पर दौलत सिंह पार्क में लगा एक छोटा हरा पेड़ अचानक रातोंरात गायब हो गया। रिज पर तैयार की गई पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के ठीक सामने खड़ा यह सजावटी पेड़ सोमवार रात जड़ समेत गायब हो गया। इसे यहां से किसने हटाया, इस पर सभी महकमे जानकारी होने से इन्कार कर रहे हैं। रिज मैदान पर रोजाना चहलकदमी करने वाले लोगों ने यहां से पेड़ गायब किए जाने पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रिज पर पहले ही हरे भरे पेड़ पौधों की कमी है। नगर निगम ने पहले इस पार्क से फूल और झाड़ियां हटवाईं, अब यहां से हरे सजावटी पेड़ भी गायब किए जा रहे हैं।

उधर, लोक निर्माण विभाग का कहना है कि रिज क्षेत्र नगर निगम के अधीन है। विभाग ने सिर्फ पूर्व सीएम की प्रतिमा तैयार की है। यहां पेड़ लगाने या हटाने हैं, इसकी अनुमति सिर्फ नगर निगम देता है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रवीण वर्मा ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। नगर निगम का कहना है कि पार्क से हरा पेड़ गायब होने की कोई सूचना नहीं है। अधिशासी अभियंता राजेश ठाकुर का कहना है कि निगम ने रिज से किसी पेड़ को नहीं हटाया है। यह पेड़ कहां गया, इसका पता किया जाएगा। वहीं, वन विभाग का कहना है कि रिज से पेड़ काटे जाने को लेकर कोई शिकायत नहीं आई है। यहां से कोई पेड़ हटाया गया है या नहीं, इस बारे में जानकारी ली जाएगी।

एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के साथ लगे पेड़ को गायब करने के मामले में सीएम सुक्खू ने कहा कि उन्हें इसका पता लगा है। अगर उस पेड़ को गायब किया गया तो यह गलत बात है। जांच के बाद ही स्थिति सामने आएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here