

हिमाचल प्रदेश में चांद का दीदार करने के लिए होटलों में एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। करवाचौथ के लिए पर्यटन निगम सहित निजी होटलों ने कई आकर्षक पैकेज जारी किए हैं। पर्यटन निगम के होटलों में नौ और 10 अक्तूबर को कमरों की बुकिंग पर दस फीसदी की छूट मिलेगी। कई निजी होटल भी यह छूट दे रहे हैं। इसके अलावा सरगी और पूजा थाली निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। पर्यटन विकास निगम सहित कई निजी होटलों ने खास करवाचौथ स्पेशल पैकेज जारी किए हैं, जिनमें रात्रि प्रवास, विशेष डिनर, सांस्कृतिक कार्यक्रम और चांद देखने के लिए छत या ओपन टैरेस व्यू की सुविधाएं शामिल हैं। पहाड़ों में करवाचौथ के लिए आने वाले संपत्तियों ने शिमला, कुल्लू, मनाली, डलहौली और धर्मशाला के होटलों में बुकिंग की है।
बुकिंग में 30 से 40 फीसदी तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कई कपल्स और परिवार पर्व को मनाने के लिए इन हिल स्टेशनों की ओर रुख कर रहे हैं। सुहागिनों के चांद का दीदार करने की तैयारी के साथ ही प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर त्योहरी सीजन से रौनक लौट आई है। पर्व के चलते प्रदेश के बाजारों में भी खूब चहल-पहल देखने को मिल रही है। शिमला, मंडी, हमीरपुर, ऊना, कांगड़ा और सोलन के प्रमुख बाजारों में महिलाओं की खरीदारी से दुकानें गुलजार हैं। सिंदूर, चुनरी, पूजा थाली, छलनी, साज-श्रृंगार के सामान और उपवास सामग्री की बिक्री में भारी बढ़ोतरी हुई है। ब्यूटी पार्लर और मेहंदी लगाने वालों के पास भी ग्राहकों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। कई जगहों पर महिलाएं करवाचौथ से एक दिन पहले ही मेहंदी लगवाने के लिए अपॉइंटमेंट बुक कर रही हैं।
1. केवल 9 और 10 अक्तूबर को एचपीटीडीसी की संपत्तियों में ठहरने वाले जोड़ों को 10 फीसदी की विशेष छूट दी जाएगी।
2. संबंधित होटल में सुबह 3-4 बजे के बीच निशुल्क सरगी की व्यवस्था की जाएगी, जैसे फिरनी, केला, दूध का गिलास, गुलाब जामुन और मठ्ठी।
3. होटल द्वारा भुगतान के आधार पर करवाचाैथ व्रत व पूजा सामग्री की भी व्यवस्था की जाएगी।
4. होटल की ओर से अर्घ, पूजा थाली और करवा (चावल, उड़द दाल, साबुत,दूर्वा, फूल, कुंगू आदि के साथ) की व्यवस्था निःशुल्क की जाएगी।
5. 10 अक्तूबर को एचपीटीडीसी अतिथियों को भुगतान के आधार पर विशेष व्रत थाली प्रदान करेगा।







