

हिमाचल प्रदेश के आदर्श अस्पतालों में अब जोनल अस्पताल की तर्ज पर मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। प्रदेश सरकार आदर्श अस्पतालों को सुदृढ़ करने जा रही है। इन अस्पतालों से गंभीर बीमारी से ग्रस्त मरीजों को ही मेडिकल कॉलेजों में उपचार के लिए रेफर किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने 40 आदर्श अस्पतालों में 6-6 विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती कर दी है जबकि शेष अस्पतालों में भी चिकित्सकों को भेजा जा रहा है। इस साल के अंत तक इन अस्पतालों में डाॅक्टरों समेत आधारभूत ढांचा विकसित कर दिया जाएगा। प्रदेश के आदर्श अस्पतालों में मरीजों को 350 तरह के टेस्टों की सुविधा मिलेगी। हिमाचल में 50 आदर्श अस्पताल खोले गए हैं।
कई अस्पतालों में लैब स्थापित की गई है, जबकि शेष में इन्हें स्थापित करने के लिए टेंडर आमंत्रित किए जा रहे हैं। डिजिटल एक्सरे, अल्ट्रासाउंड मशीनें भी लगाई जाएंगी। बड़े जिलों के आदर्श अस्पतालों में एमआरआई की सुविधा भी उपलब्ध होगी। अभी इनमें विभिन्न विभागों के छह विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की जा रही है। धीरे-धीरे इनमें अन्य विभागों के डाॅक्टरों की तैनाती होगी। प्रदेश सरकार नर्सों और फार्मासिस्टों के रिक्त पदों को भर रही है। हाल ही में 600 नर्सों के अलावा फार्मासिस्ट की तैनाती की गई है। स्टाफ की तैनाती से हिमाचल के छह मेडिकल कॉलेजों में मरीजों का कम भार पड़ेगा। स्वास्थ्य सचिव एम. सुधा ने बताया कि आदर्श अस्पतालों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। डाॅक्टरों की तैनाती की गई है। उपकरण और मशीनरी की खरीद की जा रही है।







