Home Education नवंबर-दिसंबर में होंगी पीजी, बीटेक और बीएएलएलबी परीक्षाएं, विश्वविद्यालय ने जारी की...

नवंबर-दिसंबर में होंगी पीजी, बीटेक और बीएएलएलबी परीक्षाएं, विश्वविद्यालय ने जारी की डेटशीट

182
0

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने स्नातकोत्तर डिग्री, डिप्लोमा, बीएएलएलबी ऑनर्स और बीटेक पाठ्यक्रमों की नियमित और री-अपीयर परीक्षाओं की तिथि घोषित कर दी है। विश्वविद्यालय की परीक्षा संचालन शाखा की ओर से सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार सभी परीक्षाएं नवंबर और दिसंबर में होंगी। परीक्षाओं के फार्म 10 नवंबर तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन भरे जा सकेंगे। इसके बाद निर्धारित नियमों के अनुसार विलंब शुल्क लिया जाएगा।

विश्वविद्यालय ने सभी विभागाध्यक्षों, प्राचार्यों और निदेशकों को निर्देश दिए हैं कि वह केवल उन्हीं विद्यार्थियों को परीक्षा फार्म भरने की अनुमति दें, जिनका प्रवेश स्वीकृत हुआ है। इसके लिए प्रत्येक संस्थान को अपने पहचान क्रमांक के माध्यम से परीक्षा फार्म स्वीकृति की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। सभी विभागाध्यक्षों, प्राचार्यों और निदेशकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि पात्र सभी छात्र निर्धारित तिथि तक फार्म भर लें। यदि किसी छात्र को फार्म भरने में कोई कठिनाई आती है तो उसे अपने संबंधित विभाग या कॉलेज प्रमुख से संपर्क करने के लिए कहा गया है।

ऑनलाइन फार्म भरने के बाद विद्यार्थियों को उसकी मुद्रित प्रति पर हस्ताक्षर कर संबंधित विभाग या कॉलेज में जमा करवाना होगा। विभागाध्यक्ष या प्राचार्य केवल पात्र विद्यार्थियों के फार्म की ही पुष्टि करेंगे। जो अभ्यर्थी सीधे विश्वविद्यालय से जुड़े हैं, उन्हें अपने प्रमाणपत्रों सहित फार्म की प्रति निर्धारित समय सीमा में परीक्षा शाखा में जमा करवानी होगी। बीएएलएलबी, ऑनर्स और बीटेक के विद्यार्थियों के लिए भी विश्वविद्यालय ने समान दिशा–निर्देश जारी किए हैं। बीएएलएलबी ऑनर्स के विषम सत्र की नियमित और री-अपीयर परीक्षाएं भी नवंबर–दिसंबर में होंगी। वहीं बीटेक के विषम सत्र की परीक्षाओं के लिए संस्थान निदेशकों को विद्यार्थियों को समय पर सूचित करने और फार्म भरने की प्रक्रिया पूर्ण करवाने के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय ने अपील की है कि वे 10 नवंबर से पहले अपने परीक्षा फार्म भर लें।

प्रदेश विश्वविद्यालय ने सोमवार को विभिन्न पाठ्यक्रमों के परीक्षा परिणाम घोषित किए। एमएड के सभी सेमेस्टर में विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। एमएड प्रथम सेमेस्टर नियमित बैच के फ्रेश और री-अपीयर दोनों परीक्षाओं में 100 फीसदी परिणाम दर्ज किया गया। द्वितीय सेमेस्टर में 100 और तृतीय सेमेस्टर में 88.89 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं, जबकि री-अपीयर श्रेणी में परिणाम 100 फीसदी रहा। चौथे सेमेस्टर में भी विद्यार्थियों ने पूर्ण सफलता प्राप्त की। एमए एजुकेशन के जनवरी बैच की परीक्षाओं में भी शानदार प्रदर्शन रहा। तृतीय और प्रथम सेमेस्टर की री-अपीयर परीक्षा में 100 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण घोषित हुए हैं। एमए म्यूजिक के द्वितीय सेमेस्टर में 93.94 फीसदी विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। आपदा प्रबंधन के प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर दोनों में 100 प्रतिशत परिणाम है। संगीत में पीजी डिप्लोमा (तबला) द्वितीय सेमेस्टर में भी विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत सफलता हासिल की। बीए एलएलबी के द्वितीय सेमेस्टर का परिणाम में 97.63 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए। पीएचडी कोर्स वर्क अंग्रेजी का परिणाम भी घोषित किया है, इसमें सभी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने कहा कि संबंधित कॉलेजों के प्राचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने कॉलेजों में परिणामों की जानकारी विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाएं।

 हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में सोमवार को एमएड पाठ्यक्रम की केंद्रीकृत काउंसलिंग हुई। विभाग के कॉन्फ्रेंस हाल में इस प्रक्रिया में राज्य भर से पात्र अभ्यर्थी शामिल हुए। कुल 200 सीटों में से 100 सीटों पर ही प्रवेश सुनिश्चित हो सका। शेष सीटें खाली रह गईं। एमएड काउंसलिंग के दौरान चयनित विद्यार्थियों ने अपनी पसंद के कॉलेजों का चयन किया और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करवाया। कुछ अभ्यर्थियों ने विभिन्न कारणों से प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं की। इसके चलते आधी सीटें ही भर पाईं। विभाग के अनुसार अब काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और आगे की कार्रवाई के लिए रिक्त सीटों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। एमएड प्रवेश प्रक्रिया में रुचि दिखाने वाले अधिकांश अभ्यर्थी अपने क्षेत्र या विषय की प्राथमिकता के आधार पर कॉलेज चयन कर रहे हैं। इससे पहले हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में बीएड पाठ्यक्रम की काउंसलिंग भी पूरी हो चुकी है, जिसमें कुल 2500 सीटों में से केवल 183 सीटें ही भरी जा सकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here