Home Himachal News प्रेम, शांति और एकता का संदेश देगी श्री सत्य साई यूनिटी रन,...

प्रेम, शांति और एकता का संदेश देगी श्री सत्य साई यूनिटी रन, 5 नवंबर को होगा आयोजन

134
0

श्री सत्य साई बाबा के 100वें जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर, प्रेम, शांति और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से श्री सत्य साई यूनिटी रन का आयोजन  5 नवंबर को हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में किश जाएगा। रन का आयोजन प्रदेश श्री सत्य साई सेवा संगठन की ओर से किया जा रहा है। यह रन केवल खेल भावना का प्रतीक नहीं है, बल्कि मानवता की आत्मा को एकसूत्र में पिरोने वाला एक चेतना उत्सव है।

श्री सत्य साई बाबा की जन्मस्थली प्रशांति निलयम, पुट्टपर्ती (आंध्रप्रदेश) से 17 अगस्त 2025 को पांच दिव्य मशालों का श्रीगणेश हुआ था। ये पांच प्रेमदीप अब तक देश के 60 प्रमुख शहरों में पहुंच चुके हैं, जहां पर यूनिटी रन और राइड श्रृंखलाबद्ध रूप से आयोजित किए जा रहे हैं।  प्रदेश के पालमपुर में 26 अक्तूबर 2025 को आयोजित यूनिटी रन हुई, जिसमें  897 प्रतिभागियों ने भाग लिया। अब यह पवित्र अग्नि प्रेम, शांति और एकता का उजाला फैलाते हुए शिमला के ऐतिहासिक मंच पर पहुंचने जा रही है।

दाैड़ सुबह 9:00 बजे शुरू होगी और तीन, पांच व 10 किमी श्रेणियों में होगी। इसमें 15 वर्ष से अधिक आयु के सभी महिला व पुरुष प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे। सभी इच्छुक प्रतिभागी 29 अक्तूबर 2025 तक निर्धारित ऑनलाइन लिंक https:sssunityrun.ssssoindia.org/ या क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। यह पंजीकरण पूर्णतया निशुल्क रहेगा। प्रतिभागियों को आकर्षक टी-शर्ट, बिब नंबर, पदक, ई सर्टिफिकेट एवं रिफ्रेशमेंट प्रदान किए जाएंगे।

श्री सत्य साई सेवा संगठन, हिमाचल प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष प्रो. योगिंदर वर्मा ने कहा कि निःस्वार्थ सेवा और मानवीय मूल्यों को समर्पित यह आयोजन केवल एक फिटनेस रन नहीं, बल्कि आत्मजागृति का आंदोलन है, जो प्रत्येक हृदय में प्रेम और समरसता की ज्योति प्रज्वलित करेगा। उन्होंने प्रदेश के युवाओं, स्वयंसेवकों और नागरिकों से इस दिव्य अभियान का हिस्सा बनने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन एक स्वस्थ शरीर, शांत मन और एकजुट समाज की दिशा में प्रेरक कदम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here