

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने बुधवार को राजभवन से चंबा और कुल्लू जिलों में आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत सामग्री भेजी। यह सामग्री रेडक्रॉस के सहयोग से भेजी गई है। इस दौरान राज्यपाल राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में अगर और अधिक राहत सामग्री की आवश्यकता होगी, तो वह भी आपदा प्रभावितों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने बताया कि राहत सामग्री में बर्तन, घर का जरूरी सामान और शेल्टर किट भेजी गई है।
इस दौरान उन्होंने कृषि विश्वविद्यालय में कुलपति की नियुक्ति को लेकर भी बड़ा बयान दिया। राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि सरकार अगर राजभवन को बाईपास करने की कोशिश करेगी, तो स्वीकार नहीं किया जाएगा। राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय के कुलपति की नियुक्ति के रूप में चांसलर गवर्नर होता है। यदि इसे सरकार बाईपास करती है तो वो जाने। हम सिर्फ यह जानते हैं कि सुप्रीम कोर्ट इस पर क्या निर्णय लेता है। राष्ट्रपति के प्रश्नों के आधार पर उसे देखा जाएगा और उसके आधार पर, जो भी होगा करेंगे।
वहीं हाल ही में हिमाचल प्रदेश राजभवन को मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक की अस्थायी नियुक्ति के संबंध में एक पत्र प्राप्त हुआ है। इस पर राज्यपाल ने कहा कि राजभवन को जो पत्र प्राप्त हुआ है, उसे सरकार को भेज दिया गया है। सरकार प्रदेश को कैसे चलाएंगी, ये सरकार जाने। यह काम राज्य सरकार का है कि कार्यवाहक की जगह सही व सक्षम अधिकारियों को तैनात किया जाए। अगर ऐसा लगेगा कि सही अधिकारी की नियुक्ति नहीं हुई है तो सरकार को अवगत करवाया जाएगा। राज्य सरकार को अहम पदों पर सक्षम और सही अधिकारियों की नियुक्ति करनी चाहिए।





