Home Himachal Weather शीतलहर तेज—पांवटा को छोड़ सभी स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से...

शीतलहर तेज—पांवटा को छोड़ सभी स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम, कोहरे का अलर्ट जारी

170
0
प्रदेश में सर्दी का सितम शुरू हो गया है। कई इलाकों में शीतलहर तेज हो गई है।

हिमाचल प्रदेश में सर्दी का सितम शुरू हो गया है। कई इलाकों में शीतलहर तेज हो गई है। लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 6.8 दर्ज किया गया है। राज्य में पांवटा साहिब को छोड़कर सभी स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है।  मौसम विभाग ने आगामी 28 नवंबर तक मैदानी जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। शिमला में भी रात का पारा लगातार गिरने से ठिठुरन बढ़ गई है। वहीं सुंदरनगर, मंडी और बिलासपुर में घना कोहरा दर्ज किया गया है।

शिमला में न्यूनतम तापमान 6.6, सुंदरनगर 3.0, भुंतर 2.4, कल्पा 0.4, धर्मशाला 7.3, ऊना 6.8, नाहन 9.9, पालमपुर 4.5, सोलन 2.6, मनाली 1.1, कांगड़ा 5.7, मंडी 5.6, हमीरपुर 4.9, जुब्बड़हट्टी 8.2, कुफरी 5.5, कुकुमसेरी -4.5, नारकंडा 3.6, भरमाैर 5.1, रिकांगपिओ 2.9, सेऊबाग 1.0, बरठीं 7.0, सराहन 5.0, देहरा गोपीपुर 8.0, नेरी 9.9 व बजाैरा में 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पूरे प्रदेश में 2 दिसंबर तक माैसम साफ रहने के आसार हैं। इस दाैरान बारिश-बर्फबारी के कोई आसार नहीं हैं। तापमान में भी किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। बिलासपुर जिले के भाखड़ा बांध क्षेत्र और इसके आसपास क्षेत्रों में 28 नवंबर तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, मंडी (बल्ह घाटी) में भी हल्के से मध्यम कोहरा की संभावना है

उधर, नेशनल हाईवे 505 का ग्रांफू-लोसर मार्ग मंगलवार से आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया गया। इसके बाद ग्रांफू-कुंजुम दर्रा-लोसर क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। अब स्पीति के काजा के लिए ग्रांफू-कुंजुम दर्रा-लोसर होकर कोई वाहन नहीं जा सकेगा। मनाली-अटल टनल रोहतांग, ग्रांफू-लोसर होते हुए काजा तक यात्रा करने के लिए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को अगले साल अप्रैल-मई तक का इंतजार करना होगा। हालांकि, किन्नौर और रामपुर होते हुए सालभर काजा के लिए आवाजाही जारी रहेगी। सड़क पर जम रही ब्लैक आइस के कारण यह मार्ग जोखिम भरा हो गया है। बीआरओ की अनुशंसा के बाद प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही रोकने का निर्णय लिया है। मनाली-लेह मार्ग पर पहले ही जिंगजिंगबार से लेकर सरचू तक वाहनों की आवाजाही बंद है। ग्रांफू से रोहतांग दर्रा सड़क भी बंद है। अब एनएच 505 में ग्रांफू-लोसर मार्ग भी बंद हो चुका है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने स्पष्ट किया कि ग्रांफू-लोसर मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहनों को गुजरने की अनुमति नहीं है। प्रशासन ने लाहौल आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि वह दिशा-निर्देशों का पालन करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here