Home Himachal News कबड्डी विश्वकप-2025; विश्व विजेता खिलाड़ियों की मांग—हिमाचल सरकार दे स्थायी नौकरी, हुआ...

कबड्डी विश्वकप-2025; विश्व विजेता खिलाड़ियों की मांग—हिमाचल सरकार दे स्थायी नौकरी, हुआ भव्य स्वागत

221
0
कबड्डी विश्वकप-2025 में भारतीय टीम की जीत में अहम योगदान देने वाली हिमाचल की महिला खिलाड़ी पुष्पा राणा, चंपा ठाकुर और भावना ठाकुर का धर्मशाला पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान तीनों खिलाड़ियों ने प्रदेश सरकार से स्थायी सरकारी नौकरी देने की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर...

कबड्डी विश्वकप-2025 में भारतीय टीम की जीत में अहम योगदान देने वाली हिमाचल की महिला खिलाड़ी पुष्पा राणा, चंपा ठाकुर और भावना ठाकुर ने प्रदेश सरकार से उपलब्धियों के आधार पर स्थायी सरकारी नौकरी देने की मांग की। धर्मशाला पहुंचने पर तीनों खिलाड़ियों ने कहा कि भविष्य की अनिश्चितता खेल प्रदर्शन को प्रभावित करती है। अगर उन्हें रोजगार की सुरक्षा मिले तो वे देश और प्रदेश के लिए और भी बेहतर परिणाम दे सकती हैं।

बुधवार सुबह 8:30 बजे गगल हवाई अड्डे पर तीनों विश्व विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। यहां उनकी मुलाकात पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से भी हुई। उन्होंने खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और आश्वासन दिया कि उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। इसके बाद तीनों खिलाड़ी भारतीय खेल प्राधिकरण (साई सेंटर) धर्मशाला पहुंचीं, जहां साई के अतिरिक्त निदेशक जेपी शानी, कोच पूजा ठाकुर, सतबीर कौर सहित खिलाड़ियों और स्टाफ ने फूल बरसाकर, हार पहनाकर और केक काटकर उनका स्वागत किया।

उप-कप्तान पुष्पा राणा सिरमौर के शिलाई क्षेत्र से हैं। वे 2013 से कबड्डी खेल रही हैं। उन्होंने राज्य की बेटियों से खेलों में आगे आने का आह्वान किया।

मंडी के पंडोह की रहने वाली भावना ठाकुर ने कहा कि ढाका में राष्ट्रीय ध्वज के साथ लैप ऑनर लेना उनके जीवन का सबसे अविस्मरणीय क्षण रहा। चंबा के चुराह क्षेत्र की चंपा ठाकुर ने कहा कि उनके पिता कुश्ती खिलाड़ी हैं। उन्हें खेल में आगे बढ़ने की प्रेरणा पिता से मिली। उन्हें हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल पद पर ज्वाइनिंग लेटर मिला था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया।


विश्व विजेता खिलाड़ियों ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में खेल नीति लागू होने से खिलाड़ियों को समय पर लाभ मिलेगा और प्रतियोगिताओं के दौरान मिलने वाली सुविधाओं में स्पष्टता आएगी। उन्होंने देश में महिला प्रो-कबड्डी लीग शुरू करने की भी वकालत की, ताकि महिला खिलाड़ियों को बराबर मंच और पहचान मिल सके।


कबड्डी की विश्व विजेता भारतीय महिला टीम की डिफेंडर साक्षी शर्मा का बद्दी और नालागढ़ पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। हिमाचल की सीमा पर स्थित लाज मोटर्स के प्रांगण में साक्षी का फूल मालाओं से स्वागत किया गया। इस अवसर पर लाज मोटर्स की ओर से साक्षी शर्मा को शॉल, टोपी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में लाज मोटर्स के एमडी महेश कौशल, रमन कौशल, कृष्ण कौशल, डॉ. हेमंत कौशल, हरनेक ठाकुर, दिनेश कौशल, विनोद शर्मा, नीरज गुप्ता, सीडी मिश्रा, कुलबीर जमवाल, हेमलता और शुभम ने साक्षी शर्मा और कोच संजीव ठाकुर को फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया।

रमन कौशल ने कहा कि साक्षी शर्मा ने देश का नाम ऊंचा किया है। उन्होंने बताया कि साक्षी 10 वर्षों से खेल इंडिया सेंटर राजपुरा में प्रशिक्षण ले रही हैं। प्रदेश सरकार से अपेक्षा जताई गई कि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की मदद के लिए उसे आगे आना चाहिए।

वहीं, नालागढ़ पहुंचने पर गुरमत प्रचार ट्रस्ट ने गुरु नानक पब्लिक स्कूल में साक्षी शर्मा का भव्य स्वागत किया। ट्रस्ट के अध्यक्ष सरदार नसीब सिंह, सचिव सरदार महेंद्र सिंह, स्कूल की प्रधानाचार्य जतिंदर कौर, उप प्रधानाचार्य अंजना सेठी और अन्य सदस्यों ने साक्षी, उसके अभिभावकों और कोच को बधाई दी। ट्रस्ट ने उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने की प्रेरणा दी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here