Home Himachal News हिमाचल: आरडीजी पर आज सर्वदलीय बैठक, भाजपा-माकपा भी शामिल; वित्तीय स्थिति सुधारने...

हिमाचल: आरडीजी पर आज सर्वदलीय बैठक, भाजपा-माकपा भी शामिल; वित्तीय स्थिति सुधारने की रणनीति पर होगा मंथन

12
0
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, मंत्री और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल, माकपा के महासचिव संजय चौहान, पार्टी नेता राकेश सिंघा भी बैठक में उपस्थित रहेंगे।

आरडीजी (राजस्व घाटा अनुदान) बंद किए जाने के मुद्दे पर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह बैठक सुबह 11:00 बजे राज्य सचिवालय शिमला में होगी। संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान की ओर से सर्वदलीय बैठक को लेकर भाजपा, माकपा सहित अन्य दलों को पत्र भेजा गया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, मंत्री और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल, माकपा के महासचिव संजय चौहान, पार्टी नेता राकेश सिंघा भी बैठक में उपस्थित रहेंगे।

16वें वित्त आयोग और केंद्र सरकार की ओर से आरडीजी को बंद किए जाने के कारण प्रदेश गंभीर वित्तीय संकट में आ गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य हित में सामूहिक और एकजुट दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक है। राज्य सरकार का मानना है कि इस मुद्दे पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राज्य के हित में साझा निर्णय लिया जाना चाहिए। 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के बाद आरडीजी को 1 अप्रैल 2026 से बंद किए जाने का निर्णय लिया गया है। सरकार का मानना है कि इससे हिमाचल प्रदेश को आगामी पांच वर्षों में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। यह अनुदान विशेष श्रेणी राज्य के रूप में हिमाचल के लिए वित्तीय आधार माना जाता रहा है। इसके बंद होने से विकास योजनाओं समेत सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों व वित्तीय संतुलन पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

इससे पहले सरकार ने विधायक दल की बैठक भी बुलाई थी, लेकिन भाजपा विधायकों ने इससे किनारा किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बैठक में उपस्थित नहीं हुए। बाकायदा इसको लेकर सरकार की तरफ से पत्र भी जारी किया गया था। अब सरकार ने शुक्रवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here