

कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मंडी-भराड़ी पुल के डैम में पास छलांग लगाने वाला युवक राजीव कुमार अंबोहा गांव स्थित अपने घर से बद्दी से क्वार्टर का सामान वापस लाने निकला था। उसने तीन माह पहले ही नौकरी छोड़ी थी और रविवार को घर से यह कहकर निकला था कि वह अपने क्वार्टर में रखे सामान के वापस लाने बद्दी जा रहा है, लेकिन 40 मिनट बाद ही बेटे के घर आने की आस लगाए परिवार के सदस्यों को छलांग लगाने की जानकारी मिली। इससे बेटे को दूल्हे की पोशाक में देखने की आस लगाए मां बेसुध हो गई।
पिता पड़ोसियों को लेकर घटनास्थल पर पहुंचा लेकिन देर रात तक कोई भी सुराग न मिलने पर वापस घर आ गए। हमीरपुर जिले की लोहड़र पंचायत के अंबोहा गांव निवासी राजीव कुमार के पिता जागीर सिंह ने रुंधे गले से बताया कि 28 वर्षीय बेटे की शादी के लिए लड़की तलाश कर रहे थे। तीन माह पूर्व बेटे ने निजी कारणों से बद्दी में नौकरी छोड़ दी थी और अब अन्य जगह नौकरी का तलाश कर रहा था। सुबह क्वार्टर से सामान लाने का कहकर बद्दी के लिए निकला लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। हमें पता होता कि उसके मन में क्या चल रहा है तो कभी जाने नहीं देते।
राजीव का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया। रविवार को कोई सुराग नहीं मिलने के बाद पुलिस ने मंडी से गोताखोर बुलाए थे, जिन्होंने झील से राजीव का शव निकाला। झंडूता थाना पुलिस ने गोताखोरों को बुलाने के लिए बीबीएमबी से पत्राचार किया था। सोमवार सुबह मंडी से बुलाए गए गोताखोरों ने सर्च अभियान चलाया और कुछ घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर भेज दिया है। इस दौरान एसडीएम झंडूता अर्शिया शर्मा और विवेक कुमार मौजूद रहे। बता दें, फोरलेन शुरू होने के बाद मंडी-भराड़ी पुल से छलांग लगाने की यह पहली घटना है। झील का जलस्तर बहुत अधिक बढ़ा हुआ है, जिस कारण युवक को ढूंढने में समस्या आ रही है।







