
हिमकेयर-आयुष्मान योजना में भी हो रही नि:शुल्क सर्जरी
शिमला के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल चमियाणा के अलावा डा. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में भी रोबोटिक सर्जरी से मरीजों को लाभ हुआ है। यहां हिमकेयर और आयुष्मान में नि:शुल्क सर्जरी भी हुई हैं। आधुनिक तकनीक की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सितंबर से रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत की गई है। अब तक यहां करीब 10 जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं।
यूरोलॉजी विभाग में 28.50 करोड़ रुपए की लागत से मंगवाए गए अत्याधुनिक रोबोट ने अब तक कई मरीजों को नया जीवन दिया है। रोबोटिक सर्जरी में पारंपरिक सर्जरी की तुलना में केवल मामूली चीरा लगाया जाता है, जिससे कम खून बहता है, कम दर्द होता है और मरीज जल्द स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी पा लेते हैं। इस तकनीक से सर्जरी अधिक सटीक और सुरक्षित होती है, जिससे मरीजों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
टांडा मेडिकल कालेज में सर्जरी करने वाले डाक्टर भी इस तकनीक पर अच्छी प्रैक्टिस कर रहे हैं। सबसे बड़ा फायदा फास्ट पोस्ट ऑपरेटिव रिकवरी में हो रहा है। इस आधुनिक तकनीक से मरीजों को ज्यादा समय अस्पताल में रोकने की जरूरत नहीं रहती। वहीं, अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी का लाभ उठा चुके 70 वर्षीय पूर्ण चंद ने बताया कि अब सब कुछ ठीक है। न दर्द है और पहले से काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं।







