Home Himachal Weather हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम,चार दिन बारिश-बर्फबारी के आसार;सैकड़ों सड़कें और बिजली...

हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम,चार दिन बारिश-बर्फबारी के आसार;सैकड़ों सड़कें और बिजली व्यवस्था ठप

84
0
राज्य के कई भागों में चार दिन बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। उधर, राज्य में बीते दिनों हुई बारिश-बर्फबारी से अभी दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं।

हिमाचल प्रदेश में माैसम फिर बिगड़ने के आसार हैं। राज्य के कई भागों में चार दिन बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। उधर, बीते दिनों हुई बर्फबारी से राज्य में हालात अभी सामान्य नहीं हुए हैं। प्रदेश में चार नेशनल हाईवे मनाली-लेह, आनी-कुल्लू, भरमौर-पठानकोट, रामपुर-किन्नौर समेत करीब 800 सड़कें बाधित हैं। करीब 3,000 बिजली ट्रांसफार्मर और 100 पेयजल योजनाएं भी बंद पड़ी हैं। मनाली में सैकड़ों पर्यटक अभी भी फंसे हैं। सिरमौर में बिजली गिरने से एक महिला घायल हुई हैं और दो पशुओं की मौत हो गई। शिमला सहित प्रदेश के अन्य भागों में आज धूप खिली हुई है, जिससे सड़कों, बिजली की बहाली कार्य में तेजी आएगी। 

आज कुछ स्थानों पर हिमखंड गिरने की चेतावनी जारी हुई है। मनाली में खराब मौसम के चलते आज भी शिक्षण संस्थान बंद हैं।  मनाली शहर और आसपास के कई गांवों में 18 घंटों से अधिक समय से ब्लैकआउट है। बिजली गुल होने के साथ पानी की आपूर्ति भी पूरी तरह ठप हो गई है। होटल, रेस्टोरेंट और घरों में लोग बर्फीली ठंड के बीच पानी और बिजली के लिए जूझ रहे हैं। 

शिमला में न्यूनतम तापमान 3.2, सुंदरनगर 3.5, भुंतर 3.1, कल्पा -3.6, धर्मशाला 4.6,  ऊना 5.4, नाहन 7.3, पालमपुर 2.0, सोलन 1.4,  मनाली -0.9, कांगड़ा 4.5, मंडी 6.3, बिलासपुर 7.5, हमीरपुर 5.0, जुब्बड़हट्टी 4.2, कुफरी 1.0, कुकुमसेरी -8.5, नारकंडा 1.0, भरमाैर -5.0, रिकांगपिओ -0.4, सेऊबाग 1.8, बरठीं 6.8, चाैपाल 1.0, कसाैली 5.2, पांवटा साहिब 9.0, सराहन -0.3,  देहरा गोपीपुर 9.0, ताबो -9.8, मशोबरा 2.4 व बजाैरा में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आज पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने की संभावना है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 30 जनवरी को उच्च पर्वतीय कुछ भागों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 31 जनवरी से 3 फरवरी तक राज्य के कई भागों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। 1 फरवरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 4 फरवरी को पूरे प्रदेश में धूप खिली रहने की संभावना है। 29 और 30 जनवरी को सुबह और शाम के समय कोहरा पड़ने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here