
शिमला। हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 12 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। वहीं 13 और 14 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
8 सितंबर को जारी मौसम विभाग के दैनिक बुलेटिन के अनुसार 12 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। सप्ताह के बाकी दिनों में भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।
11 से 14 सितंबर तक गरज-चमक और तेज हवाएं
मौसम विभाग ने 11, 12, 13 और 14 सितंबर को मैदानी/निचले पर्वतीय और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
हालांकि 8 से 12 सितंबर तक किसी भी जिले के लिए विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
12 सितंबर से बढ़ सकता है बारिश का दायरा
8 से 11 सितंबर के बीच ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
12 सितंबर को इन जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
वहीं किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 8 से 10 सितंबर तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। इन दोनों जिलों में 11 और 12 सितंबर को एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
13-14 सितंबर को कई जगह बारिश
सात दिन के पूर्वानुमान के मुताबिक 13 सितंबर को मैदानी/निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
14 सितंबर को भी इन क्षेत्रों में कई जगह बारिश का अनुमान है। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 11 से 14 सितंबर के बीच एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
अगले दिनों में 2-3 डिग्री बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
बीते 24 घंटे में कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश?
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सिरमौर के जटोन बैराज में सबसे अधिक 6 सेंटीमीटर बारिश हुई।
इसके अलावा पच्छाद और मंडी के मुरारी देवी में 5-5 सेंटीमीटर, ददाहू में 4 सेंटीमीटर, धौलाकुआं में 3 सेंटीमीटर तथा कोटखाई और कोठी में क्रमशः 2 और 1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मंगलवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान केलांग में 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सोमवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
फिलहाल प्रदेश में किसी भी जिले के लिए विशेष चेतावनी नहीं है, लेकिन 11 से 14 सितंबर के बीच गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है। लोगों को स्थानीय मौसम परिस्थितियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।








