Home H.P. GOVT 2 अक्टूबर को नहीं होगी मुख्यमंत्री सुखी परिवार योजना की लॉन्चिंग, नई...

2 अक्टूबर को नहीं होगी मुख्यमंत्री सुखी परिवार योजना की लॉन्चिंग, नई तारीख का इंतजार; हजारों परिवारों को मिलनी है दोहरी राहत

11
0
Oplus_131072
Oplus_131072

पूरी खबर:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में गरीब और अतिनिर्धन परिवारों को आर्थिक राहत देने के उद्देश्य से प्रस्तावित मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना की 2 अक्टूबर को होने वाली लॉन्चिंग फिलहाल टल गई है। गांधी जयंती के अवसर पर सोलन शहर में योजना का शुभारंभ प्रस्तावित था, लेकिन अब इसके लिए नई तारीख तय की जाएगी।

योजना के शुभारंभ को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के शामिल होने की तैयारी थी। अब कार्यक्रम की नई तारीख पार्टी और सरकार के स्तर पर जल्द तय किए जाने की संभावना है।

गरीब परिवारों को मिलेगी दोहरी आर्थिक राहत

मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत प्रदेश के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को दोहरी राहत देने की तैयारी है। योजना में पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की वित्तीय सहायता देने के साथ-साथ पात्र गरीब परिवारों को 300 यूनिट तक निशुल्क बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था शामिल है।

करीब 1.80 लाख परिवारों का हुआ चयन

ग्रामीण विकास विभाग की ओर से पंचायत स्तर पर किए गए सर्वे के दौरान करीब 1.80 लाख आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को 300 यूनिट निशुल्क बिजली के लिए चिह्नित किया गया है। वहीं, योजना के तहत करीब 2.50 लाख महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की सहायता देने की तैयारी है।

इनमें बड़ी संख्या ऐसे परिवारों की बताई जा रही है, जिन्हें अब तक किसी अन्य सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। सरकार की ओर से पात्र परिवारों के सर्वे और आंकड़ों को एकीकृत करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

बैंक खातों में सीधे पहुंचेगी सहायता राशि

योजना के तहत पात्र महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में आर्थिक सहायता राशि सीधे भेजने की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, पात्र परिवारों को बिजली बिल में राहत देने का प्रावधान भी किया जाएगा।

इस योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता और गरीब परिवारों को 300 यूनिट निशुल्क बिजली देने से जुड़ी घोषणाओं को एक साथ लागू करने की तैयारी है।

फिलहाल योजना की लॉन्चिंग की नई तारीख का इंतजार है। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने भी कहा है कि जल्द ही योजना के शुभारंभ की नई तारीख तय की जाएगी। विभाग की ओर से लाभ देने के लिए पात्र परिवारों का चयन किया जा चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here