
शिमला। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शुक्रवार और शनिवार को बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते प्रदेश के जनजातीय और उच्च पर्वतीय जिलों में मौसम करवट ले सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के मुताबिक किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा और कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में 27-28 फरवरी तथा 3-4 मार्च को बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। वहीं राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में चार मार्च तक मौसम सामान्यतः साफ रहने का अनुमान है।
वीरवार शाम धर्मशाला में हुई बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम ठंडा हो गया। मौसम में इस बदलाव का असर आने वाले दिनों में मध्य और निचले क्षेत्रों पर भी देखने को मिल सकता है।
हालांकि, गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा, जिससे मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सुबह और शाम के समय अब हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है।
इसी तरह मध्य पर्वतीय जिलों सोलन, सिरमौर और मंडी में भी तापमान में वृद्धि रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग ने उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, विशेषकर संभावित बर्फबारी के दौरान। प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।







